मथुरा। सोमवार को होली गेट पर कम दिखी चहल-पहल।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। कोरोना वायरस के शोर के बीच रविवार को जनता कर्फ्यू के बाद सोमवार को कान्हा की नगरी की रफ्तार थमी रही। सब्जी, दूध, दवाएं समेत अन्य खाद्य पदार्थ आदि आवश्यक वस्तुएं लेने के लिए लोग बाहर निकले। वाहन भी कम चले। सब्जी और किराने को छोड़कर अधिकांश बाजार सूने रहे। स्वास्थ्य विभाग की गाड़ियां लोगों से मास्क पहनने की अपील करती रहीं।
कोरोना वायरस से लड़ने के लिए शहर तैयार हो रहा है। रविवार को जनता कर्फ्यू के दौरान हुई अभूतपूर्व बंदी में लोगों की एकजुटता बता रही है कि कोरोना जैसी महामारी से निपटने के लिए घर में रहना कितना जरूरी है। लोगों ने सतर्कता बरतना शुरू कर दिया है। मास्क लगाने और घरों को सैनिटाइज करने पर जोर दिया जा रहा है। इसी जागरूकता का परिणाम सोमवार को देखने को मिला। लोग घरों से बाहर निकले, जिन्हें दवा, सब्जी अथवा अन्य खाद्य पदार्थों की खरीदारी करनी थी। बच्चों को भी लोग घरों से बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं।
होलीगेट डीगगेट, जयसिंहपुरा, कृष्णा नगर में सब्जी मंडियां लगती हैं। सुबह से शाम तक यहां खरीदारी होती रही। डेंपियर नगर, छत्ता बाजार, कृष्णापुरी, कलक्ट्रेट रोड, सौंख रोड आदि क्षेत्रों में चहल-पहल कम रही। किराने की कुछ दुकानों पर लोगों ने खरीदारी की। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की गाड़ियां शहरभर में घूमी और लोगों से मास्क लगाने, सैनिटाइजर का उपयोग करने तथा स्वच्छता पर ध्यान देने की अपील करती रहीं।