मथुरा। तकरीबन 35 करोड़ रुपये की चांदी लेकर गायब हुए दो व्यापरियों का सुराग नहीं लग सका है। एसएसपी श्लोक कुमार ने चांदी के गबन के मामले की जांच एएसपी आशना चौधरी को सौंपी है। मामले की जांच के बाद ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
शहर के दो व्यापारियों पर 24 सराफा कारोबारियों ने आरोप लगाया है कि वह बाहर की मंडियों में चांदी का माल बेचने के बहाने 1500 किलो चांदी लेकर गायब हो चुके हैं। एक पखवाड़े के बाद भी उन्होंने चांदी बेचने की एवज में मिली नकदी को वापस नहीं किया है। इस तरह उन्होंने अमानत में खयानत की है। इसी तरह एक अन्य व्यवसायी भी चांदी लेकर चंपत हो चुका है। शनिवार को इस मामले में व्यापारी नेताओं ने सराफा कारोबारियों के साथ एसएसपी से मुलाकात करके जानकारी दी थी। इस मामले में एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि प्रकरण चांदी के भावों के उतार-चढ़ाव को लेकर लेनदेन से जुड़ा हुआ है। इस मामले की जांच एएसपी को दी गई है। जांच के बाद ही किसी तरह की विधिक कार्रवाई होगी।