वृंदावन। बड़े दिन की छुटि्टयों ने वृंदावन में भीड़ बढ़ा दी है। हर कोई ठाकुर श्रीबांकेबिहारी के दर्शन के लिए लालायित हो रहा है। शुक्रवार को श्रद्धालुओं का ऐसा सागर उमड़ा कि हर ओर श्रद्धालु ही नजर आ रहे थे। बांकेबिहारी मंदिर के लिए जाने वाली हर गली मेें लोगों की भीड़ दिखाई दे रही थी। मंदिर मार्ग पर एक किमी तक श्रद्धालुओं का रैला लगा रहा। व्यवस्था बनाने में सर्दी में पुलिस के पसीने छूटे रहे।
इन दिनों में स्कूलों को बड़े दिन की छुट्टियां हो गईं हैं। दूसरी ओर नये साल पर ठाकुर श्रीबांकेबिहारी की दर्शन के लिए लोगों को आना शुरू हो गया है। बांकेबिहारी दर्शन के लिए शुक्रवार को करीब डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। मंदिर मार्ग पर लोगों की लाइन लगी हुई थी। निधिवन मार्ग पर पैदल चलने को भी रास्ता नहीं था। राधारमण मंदिर और राधावल्लभ मंदिर पर भी भीड़ से हालात बिगड़े रहे। लोगों ने जैसे तैसे दर्शन किए। बांकेबिहारी मंदिर में भीड़ नियंत्रित करने में पुलिसकर्मियों सहित प्राइवेट सुरक्षाकर्मियों को सर्दी में भी पसीने आ गए।
पहले तो गार्ड सख्ती कर देते थे, पिछले दिनों हुए विवाद के बाद हाईपावर्ड कमेटी ने सख्त आदेश दिए थे कि किसी भी श्रद्धालुओं से अभद्रता नहीं की जाए। वहीं श्रद्धालुओ की इतनी भीड़ हैं कि वृंदावन में सितारा होटल, आश्रम और गेस्ट हाउस फुल हैं। शुक्रवार को भीड़ का ऐसा सैलाब देखने को मिला जिसने यहां की व्यवस्थाओं को लड़खड़ा कर रख दिया। जगह जगह लगे जाम ने हालत खराब कर दिए। घंटों तक लोग जाम में फंसे रहे। छटीकरा से प्रेम मंदिर तक आने में लोगों को एक घंटे से अधिक का समय लग गया। वहीं चेतन्य विहार फ्लाईओवर से चुंगी चौराहे पर डेढ़ घंटे तक का समय लग गया। अट्टल्ला चुंगी पर दो पहिया वाहन सड़क किनारे से भी नहीं निकल पा रहे थे। थाने से चंद कदमों की दूरी पर चुंगी चौराहे पर जाम के हालात बने रहे।
क्या बोले सदस्य सेवायत
कमेटी के सदस्य सेवायत दिनेश गोस्वामी का कहना है कि इन दिनों में बांकेबिहारी मंदिर सहित वृंदावन में श्रद्धालुओं की भीड़ है। यह भीड़ बढ़ती जाएगी। इसलिए वह लोगों से अपील कर रहे हैं कि मंदिर में भीड़ में बुजुर्गों, बच्चे और गर्भवती को इन दिनों नहीं लाएं। नए साल के बाद भीड़ कम हो जाएगी तो आ सकते हैं। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस, मंदिर प्रबंधन से संपर्क करें।
बांकेबिहारी मंदिर में श्रद्धालु की बिगड़ी तबीयत
वृंदावन। श्री बांकेबिहारी मंदिर में भीड़ के कारण एक श्रद्धालु की हालत बिगड़ी गई। उनको सांस लेने में परेशानी और घबराहट की वजह से गेट नंबर चार पर वह गिरने लगे तो मंदिर में मौजूद चिकित्सीय टीम ने उनका प्राथमिक उपचार किया और उनको जिला संयुक्त चिकित्सालय भेज दिया। जहां उपचार लेने के बाद परिजन उन्हें घर ले गए हैं।
जानकारी के अनुसार, कलकत्ता के रहने वाले श्यामसुंदर विश्वास 74 वर्ष कुछ साथियों के साथ ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर दर्शन के लिए आए थे। मंदिर से अत्यधिक भीड़ थी। भीड़ के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई। वह गेट नंबर चार पर आते आते बेहोश होने लगे लेकिन साथ आए लोगों ने उन्हें संभाल लिया। डॉक्टरों ने मंदिर में उनको उपचार दिया और शौ शैय्या भेज दिया। संवाद