वृंदावन। सप्ताहांत के संग ही गुरु पूर्णिमा पर्व की पूर्व संध्या पर ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में शनिवार को श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ सुबह से ही उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं की जय जयकार से मंदिर परिसर गुंजायमान हो गया। यह क्रम देर शाम तक बदस्तूर चलता रहा। मतलब श्रद्धालुओं के कदम मंदिर की तरफ बढ़ने से नहीं थमे।
ठाकुर श्रीबांकेबिहारी के भक्तों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। आए दिन भक्तों की भीड़ अपने आराध्य के दर्शनों के लिए वृंदावन पहुंच रही है, लेकिन वीकेंड पर इनकी संख्या अन्य दिनों की अपेक्षा कई गुना ज्यादा बढ़ रही है। शनिवार को सुबह शृंगार आरती के साथ ही मंदिर मार्ग पर श्रद्धालुओं की कतारें अपनी बारी का इंतजार करती दिखाई दीं। बांकेबिहारी लाल के जयकारे उनकी थकान को उड़न छू कर रहे थे। भक्तों की भीड़ का यह मंजर राजभोग आरती तक लगातार बना रहा।
उमस भरी गर्मी के बावजूद भक्त अपने लाडले बांकेबिहारी के दर्शनों के बिना रुकने को तैयार नहीं थे। यह सिलसिला देर शाम तक बदस्तूर जारी रहा। कुंज गलियों में दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में आपाधापी मची रही। बांकेबिहारी चौकी प्रभारी शिवकुमार शर्मा ने बताया कि रविवार को भी ऐसी स्थिति बने रहने की संभावना है।