मथुरा। दीपावली के बाद ब्रजभूमि में उत्सव की उमंग और उल्लास छाएगा। 26 अक्तूबर से 5 नवंबर तक धौली प्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड पर भव्य ब्रज रज उत्सव आयोजित होगा। बुधवार को अधिकारियों ने बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया है।
यह बैठक उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद सभागार में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता हुई। जिलाधिकारी ने उत्सव में स्वदेशी उत्पादों के विशेष स्टॉल तथा विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश थीम पर आधारित प्रदर्शनी लगाने के निर्देश दिए। साथ ही काउ-शो का शुभारंभ कर श्रेष्ठ गोपालकों को सम्मानित करने भी योजना बनाई गई। सभी विभागों को साफ-सफाई, स्वास्थ्य, विद्युत, यातायात एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने के लिए कहा गया। एसएसपी श्लोक कुमार ने पार्किंग, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा प्रोटोकॉल पर चर्चा की। पुलिस प्रशासन की ओर से आयोजन क्षेत्र में कंट्रोल रूम, बैरिकेडिंग और निगरानी व्यवस्था लागू की जाएगी।
बैठक में ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि उत्सव में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकार शिरकत करेंगे। साथ ही विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की प्रतियोगिताएं, शिल्प मेला, फूड कोर्ट, झूले और जॉय राइड्स, लोक कलाओं का मंचन और स्वदेशी प्रदर्शनी लगेंगी। इस दौरान नगर आयुक्त जग प्रवेश, एमवीडीए सचिव अरविंद द्विवेदी, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश कुमार, ओएसडी प्रसून द्विवेदी, सीएमओ डॉ. राधावल्लभ, विद्युत विभाग के एक्सईएन आशीष गुप्ता, मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरुण कुमार सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।