चौमुहां। कस्बे में ब्रह्माजी मंदिर पर भादो की पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाले मेले को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। कमेटी की बैठक में मेले, कुश्ती दंगल और रसिया दंगल की रूपरेखा तैयार की गई। आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
26 सितंबर को भादो पूर्णिमा के अवसर पर ब्रह्मा जी की तपोस्थली में मेले और कुश्ती दंगल का आयोजन किया जाएगा। कुश्ती दंगल में हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, एमपी, यूपी और राजस्थान समेत विभिन्न राज्यों के नामी पहलवान भाग लेंगे। अलग-अलग भार वर्गों में पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबले होंगे। दंगल देखने के लिए क्षेत्र के अलावा आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। वहीं, मेले के दौरान रात्रि में पथवारी मंदिर पर रसिया दंगल का आयोजन होगा। इसमें रसिया गायन के माध्यम से कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। मेले को लेकर कमेटी ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।बैठक में चेयरमैन प्रतिनिधि कारे बाबा, समाजसेवी कालू पहलवान, पुष्पेंद्र पहलवान, शिवराम सिंह, ओमप्रकाश, श्याम सिंह, जगन्नाथ सिंह, गुड्डू पहलवान, देवो काका, दिमना मुखिया, लखन सिंह, लोकी, कप्तान सिंह, सुघनो नेता आदि मौजूद रहे।