मथुरा। काली घटा के बीच विराजमान ठाकुर केशव देव।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान और द्वारिकाधीश मंदिर में बुधवार को कालीघटा के मध्य ठाकुरजी ने भक्तों को दर्शन दिए। अपने आराध्य की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालु आतुर दिखे। मंदिर परिसर में बरसते मेघ, चहकते पक्षी, कड़कती बिजली श्रद्धालुओं का मनमोह रही थी।
जन्मस्थान में केशवदेव मंदिर को श्याम वस्त्र, लता, पता, प्राकृतिक वृक्षावली से सजाया गया। कालीघटा के निर्माण में अधिकतम प्राकृतिक वस्तुओं का प्रयोग किया गया। कालीघटा के चलते भक्त अपलक ठाकुरजी को निहारकर धन्य हो रहे थे। घटा के दर्शन करने को शाम चार बजे से मंदिर के पट बंद होने तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा, सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी, संयुक्त मुख्य अधिशासी अधिकारी राजीव श्रीवास्तव, विशेष कार्याधिकारी विजय बहादुर सिंह, अनुराग पाठक आदि थे।
बुधवार की शाम द्वारिकाधीश मंदिर में अलौकिक मनोहारी काली (श्याम) घटा के दर्शन पाकर श्रद्धालु धन्य हो उठे। ठाकुरजी के समक्ष काली घटा का आयोजन किया गया। मंदिर के संपूर्ण जगमोहन को काले कपड़े से सजाया गया। विभिन्न प्रकार के पेड़-पौधे से बगीचे और फव्वारे का रूप दिया गया। मंदिर परिसर में गरज रहे बादल, बिजली की चमक, मोर, कोयल की आवाज श्रद्धालुओं का मनमोह रही थीं। मीडिया प्रभारी एड. राकेश तिवारी ने बताया कि कोरोना महामारी के चलते सभी श्रद्धालुओं को मानकों का पालन कराने के बाद ही मंदिर में प्रवेश दिया गया। उचित दूसरी बनाकर भक्तों को दर्शन कराए।