मथुरा। कोरोना के चलते सभी सामूहिक कार्यक्रमों को टाला जा रहा है। इसी के चलते हाईकोर्ट के आदेश पर जिला कोर्ट 28 तक बंद कर दी गई हैं। हाईकोर्ट के आदेश के बाद बार एसोसिएशन ने भी बार चुनाव से पूर्व होने वाली साधारण सभा की बैठक 29 मार्च तक टाल दी है। अब साधारण सभा की बैठक 30 मार्च को होगी। जानकारी रहे इसके अगले दिन बार का चुनाव होगा।
बार एसोसिएशन मथुरा का वार्षिक चुनाव 31 मार्च को होना है। इसके लिए प्रत्याशियों द्वारा जोर-शोर से जनसंपर्क किया जा रहा है। लोगों से मेल मुलाकात कर अपने-अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की जा रही है। इससे पूर्व 27 को बार एसोसिएशन की साधारण सभा होनी थी। इस साधारण सभा मेें एक ही हॉल में सभी अधिवक्तागण एकत्रित होते लेकिन कोरोना वायरस के चलते हाईकोर्ट ने 28 मार्च तक सभी न्यायालय बंद कर दिए हैं। जिसके चलते बार एसोसिएशन ने भी साधारण सभा को अब बार चुनाव से एक दिन पूर्व किया जाना तय किया है।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष अवधेश सिंह चौहान ने बताया कि अब साधारण सभा का आयोजन 30 मार्च को दोपहर 1:30 बजे से होगा। फिलहाल चुनाव की तिथि 31 मार्च को ही है। इस संबंध में कोरोना को लेकर और कोई परिवर्तन किया गया तो वह पुन: अवगत कराया जाएगा।
बार देगा मास्क, हॉल को कराएगा सैनिटाइज
एक तरफ कोरोना दूसरी तरफ बार एसोसिएशन का चुनाव, जिसमें कई हजार अधिवक्ता एक ही हॉल मेें एकत्रित होंगे। जिसे लेकर अधिवक्ताओं की चिंता बढ़ गई है। अधिवक्ताओं का मानना है कि कोरोना जैसी महामारी के समय में एक ही स्थान पर इतने अधिवक्ताओं के एकत्रित होने से संक्रमण बढ़ने का अंदेशा रहेगा। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने बताया कि ऐसे मेें हम साधारण सभा तथा चुनाव के दिन पूरे हॉल को सैनिटाइज कराएंगे तथा सभी अधिवक्ताओं को मास्क उपलब्ध कराएंगे।