कलश शोभायात्रा के दौरान उपस्थित महिलाएं व यजमान।
चौमुहां। धर्म और आस्था के केंद्र, गोपालजी मंदिर में आयोजित होने वाली सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का बृहस्पतिवार को भव्य कलश शोभायात्रा के साथ मंगल शुभारंभ हो गया। कलश शोभायात्रा गोपालजी मंदिर परिसर से प्रारंभ हुई और नगर के मुख्य मार्गों, बाजारों तथा चौराहों से होती हुई भागवत कथा स्थल पर आकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में शामिल 108 महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में अपने सिर पर मंगल कलश धारण कर रखा था, जो इस आयोजन की भव्यता और पवित्रता का प्रतीक था।
शोभायात्रा के दौरान, डीजे और बैंड-बाजे की मधुर धुन पर श्रद्धालु भजन गाते और भाव-विभोर होकर नृत्य करते हुए चल रहे थे। जय श्रीराम और राधे-कृष्ण के जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा। जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। मंदिर के महंत मदन मोहनदास ने बताया कि प्रतिवर्ष श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाता है। 19 दिसंबर को पूर्ण आहुति के साथ श्रीमद्भावत कथा संपन्न होगी। श्रीमद्भागवत कथा के महात्म्य का बखान कथा व्यास धीरज कृष्णाचार्य करेंगे। कथा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शुरू होगी और धर्मप्रेमी बंधुओं से कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया गया है। इस मौके पर उदय सिंह, थान सिंह, मदन, पातीराम, हरिकिशन, भमरा, निहाल सिंह प्रधान समेत अन्य उपस्थित रहे। संवाद