मथुरा। वृंदावन के प्राचीन घाट फसाड लाइट से रोशन होंगे। इसके लिए मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा घाटों का सर्वे किया जा रहा है। एमवीडीए की टीम घाटों को देखने के साथ लाइट लगाने से पहले बंदरों से सुरक्षा और उनकी देखरेख को लेकर भी योजना तैयार कर रही है।
मथुरा के कंस किला की दीवार और मथुरा के पुलों को लाइट से सजाने के बाद अब वृंदावन के प्राचीन घाटों को भी आकर्षक बनाने पर प्राधिकरण कार्य करने जा रहा है। प्राधिकरण की टीम द्वारा वृंदावन के कालीदह घाट से लेकर चीरघाट तक पांच प्राचीन घाटों पर लाइट लगाने की योजना बनाने से पहले सर्वे किया जा रहा है। इन घाटों की प्राचीनता और महत्व को देखते हुए देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए और दर्शनीय बनाने के लिए फसाड लाइट लगाई जाएंगी।
प्राधिकरण की टीम फसाड लाइट लगाने के साथ ही उसकी सही तरीके से लंबे समय तक देखरेख और संचालन के साथ-साथ बंदरों से उन्हें नुकसान न पहुंचे इसे लेकर भी योजना बना रही है। मंडलायुक्त रितु महेश्वरी के निर्देश पर प्राधिकरण द्वारा वृंदावन के प्राचीन केशीघाट पर भी फसाड लाइट लगाने की योजना पर जल्द ही कार्य शुरू होने जा रहा है। यहां 90 लाख रुपये की लागत से फसाड लाइट लगाई जाएगी। यह कार्य एक माह में पूरा किया जाएगा।
मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के एक्सईएन प्रशांत कुमार गौतम ने बताया कि प्राचीन स्थल व धरोहर, मंदिर एवं यमुना के पुलों को और आकर्षक बनाने को लेकर कार्य चल रहा है। प्राचीन घाटों पर भी फसाड लाइट लगाने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए अभी घाटों को देखा जा रहा है।