कस्बा निवासियों के साथ बैठक करतीं एसडीएम व सीओ गोवर्धन ।
बरसाना। लड्डूमार और लठामार होली की व्यवस्थाओं में कोई चूक न हो, इसके लिए प्रशासन ने तैयारियों की जमीनी समीक्षा तेज कर दी है। सोमवार को लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में प्रशासन ने विभागों से कार्यों की प्रगति जानी। साथ ही स्थानीय नागरिकों की रोजमर्रा की समस्याओं को भी सुना।
बैठक की अध्यक्षता कर रहीं उपजिलाधिकारी प्राजक्ता त्रिपाठी ने कहा कि मेले में श्रद्धालुओं की सहूलियत के साथ स्थानीय लोगों का जीवन प्रभावित नहीं होना चाहिए। इसी क्रम में विद्युत विभाग को समय से सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग को पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेटिंग, वॉच टावर और पैच वर्क का काम निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए कहा गया। कंट्रोल रूम से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सिंचाई विभाग को निर्देश दिए गए कि ड्रेनों की पूरी तरह सफाई कराई जाए। बैठक में यह मुद्दा प्रमुखता से उठा कि नगर पंचायत क्षेत्र में कचरे के कारण गोवर्धन ड्रेन गंदा हो रहा है। इस पर सिंचाई और नगर पंचायत दोनों विभागों को ड्रेन में साफ पानी की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने और गंदगी हटाने के निर्देश दिए गए।
स्थानीय लोगों ने बैठक में कहा कि हर साल मेले में घरों और गलियों को पूरी तरह से पैक कर दिया जाता है। जरूरी काम के लिए बाहर निकलना भी मुश्किल हो जाता है। लोगों ने मांग की कि इस बार ऐसी व्यवस्था न की जाए। हुरियारों के आवागमन और होली की चौपाई निकलने के दौरान आने वाली समस्याओं पर भी चर्चा हुई। उपजिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि सभी सुझावों को ध्यान में रखकर व्यवस्था तय की जाएगी। महिला सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त निर्देश दिए। उपजिलाधिकारी ने कहा कि मेले के दौरान हुरियारिनों के साथ बाहर से आने वाली महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि रहेगी। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी इस मुद्दे पर सहयोग की अपील की। कहा कि किसी भी तरह की अव्यवस्था या अभद्रता की सूचना तुरंत प्रशासन तक पहुंचाएं। बैठक में किशोरी गोस्वामी, भाजपा नेता रणवीर ठाकुर, चंद्र शेखर, सभासद भोला पहलवान, विवेक अग्रवाल, डॉ. मुकेश शर्मा, हरिशंकर पंडा, माधो मेंबर,राकेश डीलर सहित अन्य मौजूद रहे।