खिचड़ी महोत्सव में गुल्लक विक्रेता के रुप मे दर्शन देते प्रभु।
वृंदावन। ठाकुर राधावल्लभ मंदिर में चल रहे खिचड़ी महोत्सव में ठाकुरजी ने बृहस्पतिवार सुबह शिक्षक, गुल्लक विक्रेता, स्वर्ण विक्रेता के रूप में भक्तों को दर्शन दिये। आराध्य के विशेष दर्शन कर भक्त आनंदित हो गए। सेवायत गोस्वामियों ने भक्तों को खिचड़ी प्रसाद वितरित किया।ठाकुर राधावल्लभ मंदिर में सुबह मंगला आरती के बाद ठाकुरजी ने विभिन्न छद्म वेश में भक्तों को दर्शन दिए। आराध्य के दर्शन के लिए कंपकपाती ठंड में बड़ी संख्या में भक्तजन मंदिर पहुंचे। एक छद्म रूप के दर्शन के बाद गर्भगृह का पर्दा लगा तो भक्त कौतुहलवश मंदिर प्रांगण में खड़े रहे कि अब ठाकुरजी की अगली छवि किस रूप में होगी। बदल-बदल कर आराध्य के दर्शन के लिए देर तक भक्तजन मंदिर में टिके रहे। इससे भीड़ जमा हो गई। मंदिर के प्रबंधक अशोक गौतम ने बताया कि मंदिर की प्राचीन समय से चली आ रही पंरपरा के अनुसार एक माह तक खिचड़ी महोत्सव मनाया जाता है। इन विशेष दर्शन के लिए पंजाब, हरियाणा, दिल्ली से बड़ी संख्या में भक्तजन आ रहे हैं।
मंदिर में सुबह मंगला दर्शन के लिए भक्तों का तांता लग गया। द्वार के बाहर घेरा में जबरदस्त भीड़ जमा हो गई। सैकड़ों की संख्या में भक्तजन की लंबी कतार बाजार तक लगी रहीं। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिसकर्मियों को भी पसीना आ गया। स्थानीय लाेगों ने अपनी घरों की छतों से भक्तों की भीड़ का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है।