ठाकुर राधारमण मंदिर में देहरी पूजन करतीं सांसद हेमामालिनी।
वृंदावन। श्रीराधारमण मंदिर में ठाकुरजी की ग्रीष्म कालीन प्रेम महोत्सव सेवा के तहत में ठाकुरजी को शीतल फलों का रस, ठंडाई आदि का भोग लगाया जा रहा है। सांसद हेमा मालिनी ने शुक्रवार को मंदिर पहुंचकर देहरी पूजन किया। उन्होंने इत्र सेवा कर ठाकुरजी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुख, समृद्धि, सौहार्दपूर्ण वातावरण में देश की प्रगति की कामना की।
मंदिर के सेवायत आचार्य पद्मनाभ गोस्वामी ने बताया शुक्रवार सुबह खस की टटिया में ठाकुरजी को विराजमान किया गया। शाम के समय ठाकुर राधारमण लाल ने भव्य फूल बंगले में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन दिए। सांसद हेमा मालिनी काे पटुका पहनाकर प्रसाद प्रदान किया। ठाकुरजी की पारंपरिक राग सेवा में मीनाक्षी गोस्वामी ने श्रीराधारमण फूल के बंगला बैठे फूलन पट भूषण अंग गाबत है सुर जंगला..., शयन पद श्रीराधारमणजी के नैनन में नींद भर आई... भजन प्रस्तुत किए। भजनों को सुन भक्तजन भावविभोर होकर नृत्य करने लगे। ठाकुरजी की सेवा में चंदन गोस्वामी, अनुराग गोस्वामी रहे। सरोज गोस्वामी ने भक्तों को प्रसाद वितरित किया।