ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में लाइन में लगे श्रद्धालु
- फोटो : अमर उजाला
वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में भीड़ नियंत्रण के लिए आए दिन व्यवस्था में बदलाव हो रहा है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं को परेशान होना पड़ता है। रविवार को मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। इस दौरान गलियों से लेकर मंदिर परिसर तक उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ा। भीड़ में फंसे श्रद्धालु रेलिंग फांदकर खुद का बचाव करते दिखे।
बांकेबिहारी मंदिर के पट खुलने से पहले ही रविवार सुबह श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर से प्रवेश द्वार से लेकर बांकेबिहारी बाजार और फहाहारी बाबा की गोशाला तक कतार देखी गई। जैसे ही मंदिर के पट खुलते बेसब्री से दर्शन का इंतजार कर रहे श्रद्धालु मंदिर में उमड़ पड़े। मंदिर जयकारों से गुंजायमान हो गया। मंदिर को जाने वाली गलियों और मंदिर में जबर्दस्त भीड़ होने के बीच श्रद्धालु भीड़ के बीच से निकलकर रेलिंग फांदकर आगे निकलने का जतन करते देखे गए।
कई महिला श्रद्धालु भीड़ से बाहर निकलने का प्रयास कर रही थी, लेकिन वहां तैनात पुलिसकमियों ने उन्हें रोक दिया। श्रद्धालुओ की भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिसकर्मी और मंदिर के सुरक्षा गार्डों का पसीना निकल गया। शाम से लेकर मंदिर के बंद होने तक श्रद्धालुओं के बीच अपने आराध्य की एक झलक पाने के लिए आपाधापी देखी गई।