मथुरा। सदर बाजार थाना क्षेत्र की औरंगाबाद पुलिया के पास रविवार रात पुलिस की पीआरवी संख्या 1920 की टक्कर से बाइक सवार टेंट कारोबारी की मौत हो गई। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने पीआरवी चालक पर केस दर्ज कर लिया है। इधर, चालक पर एसएसपी स्तर से जांच बैठाई गई है। उसके निलंबन की तैयारी है।
रिंकू (32) पुत्र तेज सिंह निवासी गोपालपुरा, रिफाइनरी टेंट कारोबारी था। परिवार में पत्नी अंजू और दो मासूम बेटे हैं। रिंकू रविवार रात अपने एक दोस्त को औरंगाबाद तक छोड़ने के लिए बाइक से आया था। रात 11.50 बजे औरंगाबाद पुलिया पर उसकी बाइक की पीआरवी संख्या 1920 से टक्कर हो गई।
देर रात को उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, दोस्त भी घायल है। पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर शिनाख्त कर परिवार वालों को सूचना दी। इधर, पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। जांच में सामने आया है कि पीआरवी संख्या 1920 पर पुलिसकर्मी चालक प्रवीण तैनात था। उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि नहीं हुई है।
सदर बाजार थाने में पीड़ित परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पीआरवी पर तैनात चालक प्रवीण की जांच कराई जा रही है। तथ्यों की पड़ताल कर निलंबन आदि की कार्रवाई की जाएगी।
- मार्तंड प्रताप सिंह, एसपी सिटी