मथुरा के वृंदावन थाना क्षेत्र स्थित हरे कृष्णा ऑर्चिड कॉलोनी में शनिवार को 16 वर्षीय किशोर ने पांचवीं मंजिल की छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना से कॉलोनी में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल किशोर को तत्काल संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान राज गौतम (16), पुत्र योगेश गौतम, निवासी 5/222 रिफाइनरी, थाना रिफाइनरी, मूल निवासी ग्राम जनूथर, थाना एवं जिला डीग (राजस्थान) के रूप में हुई है। मृतक के पिता योगेश गौतम सीआईएसएफ यूनिट आईओसी, मथुरा में चालक के पद पर तैनात बताए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, राज गौतम 17 अक्टूबर को अपनी मां और बहन के साथ अपने मौसा सौरभ गौतम (30वर्ष) पुत्र पप्पू गौतम, निवासी सुनरख, थाना जैत के घर आया था। कुछ समय बाद वह घर से घूमने की बात कहकर बाहर निकल गया। इसी दौरान हरे कृष्णा ऑर्चिड कॉलोनी की पांचवीं मंजिल की छत से कूदने की घटना सामने आई।
घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुंची और शव के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।