मथुरा में तनु ने किया हाईस्कूल में टाॅप।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मथुरा के बलदेव क्षेत्र के जुगसना गांव की होनहार छात्रा तनु अग्रवाल ने हाईस्कूल परीक्षा में 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है। पिता विनय अग्रवाल व्यापारी हैं। तनु अग्रवाल श्रीमती शान्ती देवी हायर सेकेंडरी स्कूल, जुगसना की हाईस्कूल की छात्रा हैं।
तनु की शानदार सफलता से परिवार, विद्यालय व पूरे गांव में खुशी का माहौल है। अपनी उपलब्धि पर तनु ने बताया वह आगे चलकर जज बनकर समाज की सेवा करना चाहती हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता व शिक्षकों को दिया है। तनु का कहना है कभी किसी प्रकार की ट्यूशन नहीं ली, मोबाइल का उपयोग भी केवल पढ़ाई के लिए किया और नियमित रूप से 7 से 8 घंटे अध्ययन किया।
तनु अग्रवाल का कहना है मेहनत, लगन और अनुशासन ही सफलता की कुंजी हैं। पढ़ाई के साथ-साथ उनकी रुचि खेलकूद और किताबें पढ़ने में भी रही है। तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी तनु के बाद भाई शौर्य, फिर बहन मनु हैं। विद्यालय के प्रबंधक चौ. हरी सिंह, एमडी दीपचंद व प्रधानाचार्य कोमल चौधरी ने तनु की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया वह शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं, हमेशा पढ़ाई पर पूरा ध्यान देती थीं। विद्यालय परिवार ने उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा तनु अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।