मथुरा। आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हाईवे थाना क्षेत्र के नवादा इलाके में शनिवार शाम को एक ट्रक में चारकोल से भरा टैंकर घुस गया।
टैंकर चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों पंजाब के रहने वाले हैं। हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग डेढ़ घंटे तक जाम रहा। कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने हाइड्रा बुलाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाया। तब जाकर जाम खुला।
वाकये के अनुसार शाम छह बजे करीब दिल्ली से आगरा जा रही लेन पर एक ट्रक धीमी रफ्तार में चल रहा था। उसी समय तेज रफ्तार में दिल्ली की ओर से आया चारकोल से भरा टैंकर उसमें घुस गया। टैंकर का चालक सुभाष कुमार और परिचालक बलदेव सिंह केबिन के पिछले हिस्से में फंस गए। राहगीरों की मौके पर भीड़ जुट गई।
आगरा जाने वाली पूरी लेन क्षतिग्रस्त वाहनों से घिर गई। इसके चलते कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इंस्पेक्टर उमेश चंद्र त्रिपाठी के अनुसार हाइड्रा बुलाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया। इसके बाद मार्ग पर यातायात सुचारू हुआ। घायल चालक और परिचालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।