उत्तर प्रदेश के मथुरा में तमिलनाडु संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन में सफर के दौरान यात्री की तबीयत बिगड़ गई। जानकारी होते ही आनन-फानन ट्रेन को मथुरा जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर आठ पर रोका गया। बीमार यात्री को चिकित्सकीय सहायता दी गई। इसके बाद ट्रेन आगे बढ़ी तो ओएचई में फंसकर इंजन का पेंटो टूट गया। इससे ट्रैक पर आ रही अन्य ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया।
विज्ञापन
ट्रेन हजरत निजामुद्दीन से मदुरई जा रही थी। मंगलवार सुबह 7 बजकर 10 मिनट पर ट्रेन जंक्शन पर पहुंची। अधिकारियों को ट्रेन में सफर कर रहे मोहम्मद उमर (54) की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिली। मेडिकल टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। बीमार यात्री का चिकित्सकीय परीक्षण किया गया।
ट्रेन 7 बजकर 17 मिनट पर जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या आठ से गंतव्य के लिए आगे बढ़ी। ट्रेन कुछ ही आगे पहुंची थी की 7 बजकर 25 मिनट पर ट्रेन का पेंटो ओएचई लाइन में फंसकर टूट गया। इससे ट्रेन के पहिए मौके पर ही थम गए।
जानकारी मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंच गए। 7 बजकर 40 मिनट पर प्लेटफार्म नंबर एक और ब्रांच लाइन की ओएचई भी बंद हो गई। 7 बजकर 58 मिनट पर डीजल लोको इंजन मौके पर पहुंचा। 8 बजकर 20 मिनट पर ओएचई लाइन को सही कर लिया गया। 8 बजकर 30 मिनट पर प्लेटफार्म नंबर एक की लाइन को चार्ज किया गया।
8 बजकर 35 मिनट पर डीजल लोको इंजन को ट्रेन संख्या 12652 के साथ लगाया गया। 8 बजकर 54 मिनट पर रेडी रिपोर्ट मिली। 8 बजकर 55 मिनट पर ट्रेन को मदुरई के लिए रवाना कर दिया गया। 11 बजे पीएंडटी ब्लॉक लिया गया। दोपहर 1 बजे काम पूरा कर लिया गया।
बदले गए ट्रेनों के प्लेटफार्म
ओएचई लाइन टूटने के कारण प्लेटफार्म संख्या 8-9 और 1 पर ट्रेनों का संचालन रुक गया। इन प्लेटफार्मों पर आने वाली ट्रेनों को प्लेटफार्म संख्या 2,3 से निकला गया। सुबह 9 बजकर 5 मिनट पर प्लेटफार्म संख्या 1 पर ट्रेनों का आवागमन शुरू हो पाया।
अप और डाउन लाइन पर थमी रही इन ट्रेनों की रफ्तार
ओएचई लाइन टूटने के कारण अप और डाउन लाइन पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। मरम्मत कार्य के दौरान अप लाइन पर सात, जबकि डाउन लाइन पर करीब 6 ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा।
जंक्शन पर नहीं था तमिलनाडु संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का ठहराव
ट्रेन संख्या 12652 तमिलनाडु संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का मथुरा जंक्शन पर ठहराव नहीं होता। यात्री की तबीयत बिगड़ने के कारण ट्रेन को आपात स्थिति में जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर रोका गया था। ट्रेन आगे बढ़ी तो पेंटो टूटने का हादसा हो गया।
तमिलनाडु संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का पेंटो ओएचई के आइसोलेट में फंसकर टूट गया। ट्रेन में डीजल इंजन लगाकर आगे रवाना किया गया। इस दौरान प्लेटफार्म संख्या 8-9 और 1 पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। -एसके श्रीवास्तव, स्टेशन निदेशक-मथुरा जंक्शन