बलदेव। गांव दघेंटा में शराब का ठेका बंद कराने को लेकर ग्रामीणो का धरना प्रदर्शन 15वें दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर एसडीएम डाॅ. कंचन गुप्ता, सीओ श्वेता वर्मा, आबकारी विभाग के अधिकारी व नायब तहसीलदार पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की। समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है।
ग्रामीणों ने कहा शराब का ठेका आबादी से बाहर शिफ्ट किया जाए। ठेके से गांव का माहौल खराब हो रहा है और युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। ग्रामीणों ने नकली शराब की बिक्री की आशंका जताते हुए, निष्पक्ष जांच की मांग की। जांच अन्य जनपद के अधिकारियों से कराई जाए जिससे सच्चाई सामने आ सके। धरना स्थल पर भाकियू के मंडल अध्यक्ष राजकुमार तोमर, उदयवीर, पुष्पेंद्र, पप्पू, रामकुमार, राज बहादुर, गिर्राज सिंह, रामवीर, घनश्याम पूनिया, महिपाल सिंह, गोकुल सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद