जल का नमूना लेते प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और वन विभाग की टीम।
- फोटो : MATHURA
राधाकुंड(मथुरा)। श्रीधाम राधाकुंड व श्यामकुंड में एक सप्ताह से कछुओं-मछलियों के मरने के बाद शुक्रवार को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (यूपीपीसीबी) और वन विभाग की संयुक्त टीम वहां पहुंची। टीम ने दोनों कुंड के पानी के नमूने लिए। पानी में ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ाने के उपायों पर विचार किया।
कृष्णकुंड में मछलियों-कछुओं के मरने की खबर अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित की थी। इस पर एसडीएम राहुल यादव ने संज्ञान लिया। उनके निर्देश पर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नागेश्वर शुक्ला, वन विभाग के बृजेश सिंह परमार, प्रताप सिंह अधीनस्थों के साथ राधाकुंड पहुंचे। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने जल और मरे कछुओं-मछलियों के भी नमूने लिए। नागेश्वर शुक्ला ने बताया कि पानी के नमूने की रिपोर्ट आने के बाद कुंडों में प्रदूषणरोधी दवाएं डाली जाएंगी।
दुर्गंध से लोग परेशान : कुंड में कछुओं-मछलियों के मरने के बाद पानी से उठ रही दुर्गंध से स्थानीय लोग परेशान हैं। उन्होंने और पंडा समाज ने जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान कराने की मांग की है।