मथुरा के सदर थाना क्षेत्र स्थित टैंक चौराहा पर श्रद्धालुओं की गाड़ी एक स्थानीय युवक की गाड़ी से छू गई। इससे युवक आक्रोशित हो गया और उसने श्रद्धालुओं की गाड़ी का कांच तोड़ दिया।
दिल्ली के पार्लियामेंट थाना क्षेत्र निवासी अभिषेक सिंह चौहान ने बताया कि बुधवार को वह अपने परिवार के साथ मथुरा दर्शन लिए आए थे। गाड़ी उनका भाई चला रहा था। गाड़ी में पीछे मामी व दो बहनें बैठी हुई थीं। वह टैंक चौराहा पहुंचे, तभी एक युवक की गाड़ी से उनकी गाड़ी छू गई। इससे आक्रोशित युवक ने गाड़ी के कांच पर हाथ मारकर उसे तोड़ दिया।
डर के कारण चालक ने गाड़ी को पुलिस लाइन की ओर भगा दिया। यहां एसपी सिटी कार्यालय के सामने पुलिसकर्मियों को देख गाड़ी रोकी। यहां पुनः युवक पहुंच गया और हाथापाई करने लगा तो पुलिस ने उसे पकड़ लिया। सीओ सिटी भूषण वर्मा ने बताया कि पीड़ितों से तहरीर मांगी थी, लेकिन उन्होंने तहरीर नहीं दी। साथ ही वह कोई कार्रवाई भी करना नहीं चाहते थे।