राधाकुंड (मथुरा)। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति के लिए श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या की तर्ज पर कार सेवा का ऐलान करने वाले चित्रगुप्त पीठाधीश्वर बाबा स्वामी सच्चिदानंद महाराज को पुलिस प्रशासन ने हाउस अरेस्ट कर लिया। उनके आश्रम से बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी है। भक्त उनके आश्रम पहुंच कर उन्हें समर्थन दे रहे हैं।
राधाकुंड क्षेत्र के गांव जुल्हेंदी स्थित चित्रगुप्त पीठ के पीठाधीश्वर स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने 4 जुलाई को श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर की मुक्ति के लिए अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि की तर्ज पर कार सेवा कर विवादित गुंबद तोड़ने का ऐलान किया था। इसके बाद 12 जुलाई को स्वामी सच्चिदानंद ने हरिद्वार स्थित वात्सल्य गंगा आश्रम में साध्वी ऋतंभरा से मुलाकात कर समर्थन मांगा। वहीं अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्र पुरी महाराज और निर्मोही अखाड़े के राष्ट्रीय प्रवक्ता संत सीताराम दास ने कार सेवा में समर्थन की घोषणा की थी। पीठाधीश्वर ने शुक्रवार को इस मुद्दे पर संतों के समर्थन के लिए अयोध्या जाने की घोषणा की थी। इस पर प्रशासन हरकत में आ गया।
हालांकि मंदिर और शाही ईदगाह का मामला हाईकोर्ट एवं सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं। ऐसे में आपसी सौहार्द प्रभावित न हो इसके लिए पुलिस प्रशासन ने 15 जुलाई को आश्रम पहुंचकर स्वामी सच्चिदानंद महाराज को कानूनी नोटिस थमाया। वहीं बृहस्पतिवार को स्वामी सच्चिदानंद महाराज के हाउस अरेस्ट किए जाने की खबर के बाद भक्त चिंतित हो गए। दूर दराज से भक्त उनके आश्रम पहुंचे और उनसे कार सेवा को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा की। सीओ अनिल कुमार का कहना है कि पीठाधीश्वर किसी भी कारसेवा को लेकर आह्वान न करें और शांति व्यवस्था बनाए रखें।