स्वामी हरिदास संगीत एवं नृत्य महोत्सव आठ से
- फोटो : अमर उजाला वृंदावन
संगीत शिरोमणि स्वामी हरिदास समिति के तत्वावधान में आठ और नौ सितंबर को रमणरेती मार्ग स्थित वन महाराज कालेज में स्वामी हरिदास संगीत और नृत्य महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें संगीत जगत के प्रख्यात कलाकार अपनी प्रस्तुति देकर स्वामी हरिदास को भावांजलि अर्पित करेंगे।
शुक्रवार को क्षेत्रीय विधायक प्रदीप माथुर ने महोत्सव के बारे में बताया कि भारतीय कला और संस्कृति के विशेषज्ञों के लिए यह उत्सव तीर्थ के समान है। समिति के सचिव गोपी गोस्वामी ने बताया कि महोत्सव में 8 सितंबर को प्रथम प्रस्तुति स्वामी हरिदास अकादमी की छात्राओं द्वारा कथक नृत्य की दी जाएगी। इसके बाद लखनऊ घराने की सुरभि टंडन कथक नृत्य प्रस्तुत करेंगी। ग्रैमी अवार्ड विजेता पंडित विश्वमोहन भट्ट और सलिल भट्ट वीणा वादन की प्रस्तुति देंगे। पद्मभूषण पंडित छन्नूलाल मिश्रा द्वारा गायन की प्रस्तुति दी जाएगी।
पालिकाध्यक्ष मुकेश गौतम ने बताया कि नौ सितंबर को दिल्ली के गौतमधर ग्रुप द्वारा तबला वादन और डा. ममता जोशी द्वारा सूफी गायन की प्रस्तुति के बाद कवि सम्मेलन होगा। कवि सम्मेलन में डा. कुमार विश्वास, संपत सरल, प्रमोद तिवारी, अंजुम रहबर, मनवीर मधुर काव्य पाठ करेंगे। इस अवसर पर मनोज चतुर्वेदी, गोवर्धन अग्रवाल, नामदेव शर्मा, अनूप शर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सोहन सिंह सिसौदिया, संत नागेंद्र आदि उपस्थित थे।