संगीत शिरोमणि स्वामी हरिदास महाराज के आविर्भाव महोत्सव के उपलक्ष्य में गुरुवार देर शाम स्वामी हरिदास संगीत एवं नृत्य महोत्सव का रंगारंग आगाज हो गया। कलाकारों के शास्त्रीय गायन, नृत्य और वादन की प्रस्तुतियों पर लोग आनंदित हो गए। प्रख्यात कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से स्वामी हरिदास को भावांजलि दी।
संगीत शिरोमणि स्वामी हरिदास समिति के तत्वावधान में वन महाराज कालेज के प्रांगण में रंग बिरंगी रोशनी में नहाते मंच पर तानपुरा बजाते स्वामी हरिदासजी की छवि के समक्ष कलाकारों ने नृत्य, संगीत और गायन की त्रिवेणी से समां बांध दिया। पहली प्रस्तुति में स्वामी हरिदास संगीत एवं नृत्य अकादमी के कलाकारों ने ‘गाइये गणपति जगवंदन...’ पर नृत्य प्रस्तुत करते हुए दी। गणेश वंदना कर महोत्सव का शुभारंभ किया। इसके बाद बच्चों ने नृत्य की प्रस्तुति दी।
लखनऊ घराने की सुरभि टंडन ने कथक नृत्य प्रस्तुत किया। उनकी भाव भंगिमाओं को दर्शकों ने खूब सराहा। इसके बाद ग्रैमी अवॉर्ड विजेता विश्वमोहन भट्ट और सलिल भट्ट के वीणा वादन ने समारोह में आए लोगों को बांधे रखा। दोनों कलाकरों ने विश्वकोंस, गावती और मिटिंग वाय रिवर धुन पर जुगलबंदी की। इसे सुन उपस्थित संगीत प्रेमी मंत्रमुग्ध होकर तालियां बजाने लगे। तबले पर राजकुमार मिश्रा ने संगत दी।
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व केंद्रीय मंत्री सीपी ठाकुर, अभिषेक ब्रह्मचारी, विधायक प्रदीप माथुर, पंडित श्याम सुंदर शर्मा, स्वामी महेशानंद सरस्वती, नामदेव शर्मा और गोपी गोस्वामी ने स्वामी हरिदासजी के चित्रपट के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर अनूप शर्मा, गोवर्धन अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, रवि शर्मा आदि उपस्थित थे।