मथुरा। हैदराबाद में हुई प्राइम वालीबॉल लीग में खेलकर लौटे सूरज चौधरी का खेल प्रेमियों ने मथुरा जंक्शन स्टेशन पर जोरदार स्वागत किया।
जिला वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष रामकिशन अग्रवाल ने बताया कि सूरज चौधरी का चेन्नई की टीम में चयन हुआ था। 2 से 22 अक्तूबर तक हुई लीग में सूरज चौधरी चेन्नई की टीम में सेंटर ब्लॉकर के रूप में खेले और बेहतरीन प्रदर्शन किया।
सचिव डॉ. डीपी शर्मा ने बताया कि इससे पूर्व सूरज चौधरी उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल लीग में मुजफ्फरनगर लायंस की ओर से उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं। इसके अलावा दो बार इंडियन कैंप में चयनित होकर मथुरा का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर चुके हैं। खेलो इंडिया में भी स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। सूरज के बड़े भाई विशाल चौधरी भी वॉलीबॉल के खिलाड़ी हैं और पूर्व स्कूल फेडरेशन ऑफ इंडिया की टीम से स्वर्ण पदक प्राप्त कर चुके हैं। गत दिवस चेन्नई से लौटने पर एसोसिएशन ने मथुरा जंक्शन स्टेशन के गेट नंबर दो पर सूरज चौधरी का फूल मालाओं से स्वागत किया।
स्वागत करने वालों में केआर पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रवीण कुमार अग्रवाल, केआर टीटी कॉलेज के प्राचार्य कुलविंदर सिंह बग्गा, डायट प्रवक्ता हरीश कुमार सिंह, विजेंद्र कौशिक, हरपाल यादव, श्याम बेरा, केआर पीजी कॉलेज के क्रीड़ा प्रभारी डॉ. दलवीर सिंह कौन्तेय, वॉलीबॉल अकादमी के कोच जितेंद्र सिंह, ओलंपिक संघ के सचिव महेंद्र सिंह राजपूत, जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव जय सिंह मौजूद रहे।