संवाद न्यूज एजेंसी
बरसाना/नंदगांव। सोमवार को फिर से अचानक बदले मौसम ने किसान की सभी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। तेज हवा के साथ हुई बारिश ने जहां कटाई के लिए तैयार गेहूं और सरसों की फसल को खेतों में गिरा दिया है। वहीं कटाई के बाद खेतों में पड़ी फसल पानी में भीग कर खराब हो गई है। बारिश के कारण खेतों में भरे पानी से गेहूं के दाने का काला पड़ने की आशंका बढ़ गई है।
सोमवार दोपहर आसमान में अचानक बादल छा गए और देखते ही देखते तेज बारिश शुरू हो गई। किसान कुछ समझ और सोच पाता उससे पहले ही मौसम ने अपना कहर बरपा दिया। नंदगांव, बिजवारी, चिकसोली, संकेत, गाजीपुर, ऊंचागांव, कमई, सहार, नाहरा, हथिया, राकोली, मानपुर, रूपनगर, अजनौक, करेला, सीह, डहरौली और रिठौरा गांवों में हालात एक जैसे हैं। खेतों में पानी भरा है और खलिहानों में रखी फसल खराब होने की कगार पर है। किसान राहुल और सुंदर आदि का कहना है कि इस बार खेती में काफी नुकसान हुआ है।