मथुरा में मंगलवार को राया थाना क्षेत्र में घर से डीएपी खाद लेने के लिए निकले बाइक सवार बीए के छात्र को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में घायल छात्र को लेकर पुलिस अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। कुछ दिन पहले पुलिस भर्ती परीक्षा देने के बाद उसने घर वालों से दावा किया था जल्द ही उसके शरीर पर खाकी होगी, लेकिन उसके शरीर पर खाकी वर्दी होती उससे पहले ही कफन में लिपट गया।
मृतक के रिश्ते में दादा लगने वाले यदुवीर सिंह ने बताया कि राया के नगला बिजई निवासी 21 वर्षीय तेजवीर सिंह पुत्र राकेश रविवार की सुबह 6.30 बजे घर से बाइक पर सवार होकर राया से डीएपी खाद लेने के लिए गया था। वह राया खाद वितरण सोसाइटी पहुंचा। यहां बैठे कर्मचारियों ने उसे खेत की खतौनी के कागजात की फोटो स्टेट कराने के लिए बोला। इस पर वह बाइक से खतौनी की फोटो स्टेट कराने के लिए गया। वह राया-दाऊजी मार्ग पर पहुंचा ही था कि सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने उसे टक्कर मार दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को लेकर जिला अस्पताल पहुंची और परिजनों को सूचना दी। अस्पताल पहुंचने से पहले ही छात्र ने दम तोड़ दिया। मृतक के रिश्तेदार यदुवीर सिंह ने बताया कि तेजवीर परिवार में सबसे बड़ा बेटा था। पिता किसान हैं और मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं। पिछले दिनों हुई पुलिस भर्ती परीक्षा में भी उसने भाग लिया था। परीक्षा देने के बाद उसने परिजनों से कहा था कि पेपर बहुत अच्छा गया है, जल्द ही उसके शरीर पर खाकी होगी।
डीएपी खाद की किल्लत ने वर्दी से स्थान पर उसे कफन में लपेट दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रकॉली छोड़कर भागने में सफल रहा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजन ने अभी तहरीर नहीं दी है, तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।