थाना राया क्षेत्र में बिचपुरी चौकी इलाके में हाथरस रोड पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार छात्रा की मौत हो गई। बाइक पर तीन लोग सवार थे। दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
हाथरस के गांव विशनदास निवासी हरपाल सिंह की पुत्री सरिता (18) शुक्रवार सुबह 11 बजे अपनी चाची लता के साथ ननिहाल थाना राया के गांव परसा गढ़ी जा रही थी। बाइक को परसागढ़ी निवासी भरत चला रहा था।
पूर्वाह्न 11:30 बजे बिचपुरी चौकी क्षेत्र में हाथरस रोड पर सोनाई के निकट हाथरस की ओर से तेज गति से आए ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। सरिता सड़क पर गिर गई और उसकी कमर से ट्रक का पहिया निकल गया।
घटना में सरिता की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर बिचपुरी पुलिस मौके पर पहुंच गई और ट्रक चालक को पकड़ लिया।