कोसीकलां (मथुरा)। विद्युत विभाग की ओर से दो कर्मियों को काम से हटाने के विरोध में संविदाकर्मियों की कामबंद हड़ताल रविवार को दूसरे दिन भी जारी रही। इससे विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रही।
छाता में डाक बंगला पर रविवार को आयोजित 16 बिजलीघरों के संविदाकर्मियों की बैठक में संगठन के अध्यक्ष सुभाष चंद ने आरोप लगाया कि विद्युत सब स्टेशन पर तैनात संविदाकर्मियों से उच्च अधिकारियों ने विद्युत मेंटेनेंस कार्य के साथ दस हजार से कम के बकाएदारों के कनेक्शन काटने के लिए कहा था। मना करने पर रघुवीर एवं मानसिंह को काम से निकाल दिया गया।
उन्होंने कहा कि जब तक दोनों कर्मियों को वापस नहीं लिया जाता, तब तक कामबंद हड़ताल जारी रहेगी। बैठक में अरुण कुमार, राजू, सतपाल, राजकुमार, हाकिम, सुखवीर, शमशेर, बिजेन्द्र, जिले सिंह, शिवम, मोनी, रामप्रसाद, मान सिंह, अकरम, प्रवीन कुमार, बिजेंदर, ताराचंद, मानसिंह, बुद्धा, हुकम सिंह, रामप्रसाद, रघुवीर, शिव सिंह, सुरेंद्र सिंह, ओमप्रकाश, सतवीर आदि थे। उधर, एसडीओ निशांत ज्योति ने कहा कि जनपद में सभी स्थानों पर संविदाकर्मी कनेक्शन काटने का काम करते हैं।