बारिश के बाद बसस्टैंड रोड पर जलभराव से निकलते वाहन।
मथुरा। दिन में भीषण गर्मी के बाद बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे 100 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से आए तूफान ने शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक तबाही मचाई। दर्जनों पेड़-होर्डिंग और खंभे गिरने से सैकड़ों गांवों की बिजली गुल हो गई। शहर के कई इलाके भी अंधेरे में डूब गए। कई स्थानों पर पेड़ टूटने से मार्ग बंद हो गये। इससे राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी।
बृहस्पतिवार रात आठ बजे उपभोक्ताओं के फोन घनघनाने लगे। मौसम विभाग ने बिजली कड़कने के साथ तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया। थोड़ी देर बाद बारिश के साथ 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान आ गया। करीब डेढ़ घंटे तक तूफान और बारिश ने तबाही मचाई। इससे नए बस स्टैंड अंडरपास, भूतेश्वर अंडरपास समेत मथुरा-वृंदावन की दर्जनों गलियों में जलभराव हो गया। इससे मार्ग बंद हो गया और राहगीरों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी। विद्युत लाइनों पर पेड़ों की बड़ी-बड़ी टहनियां और होर्डिंग्स आ गिरे। इससे घंटों तक बिजली गुल रही। मौसम विभाग ने 24 घंटे के अंदर बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है।