गांव जैंत स्थित कालिया मर्दन मंदिर परिसर में ब्रज फाउंडेशन की ओर से आयोजित नागपंचमी मेले का शुभारंभ रविवार को प्रदेश के पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने किया। इस दौरान उन्होंने जयकुंड अजयवन के विकास के लिए चार करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
प्रात:काल ग्राम जैंत में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। कालियामर्दन भगवान का दुग्धाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं में होड़ लग गई। प्रदेश के पर्यटन मंत्री ने नाग मंदिर में पूजा-अर्चना की। बांसुरी संस्था के कलाकारों ने लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। महारास, डांडिया नृत्य, वंदना और फूलों की होली आकर्षण का केंद्र रही।
महर्षि दयानंद सरस्वती विद्या मंदिर राल के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। इस दौरान जिला पर्यटनमंत्री अनुपम श्रीवास्तव, धर्मवीर अग्रवाल, किशोर सिंह, डॉ. अशोक अग्रवाल, मुकेश सिंह सिकरवार, हुकम सिंह, ओमप्रकाश सिंह, प्रधान चंदा देवी आदि उपस्थित थे।
पर्यटन मंत्री ने नंदगांव से किया 10 कुंडों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री की घोषणा के अंतर्गत जिले में 10 कुंडों के जीर्णोद्धार कार्य का रविवार को प्रदेश के पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश ने शिला पट्टिकाओं का अनावरण किया। यहां सर्व प्रथम कदंबटेर कुंड का लोकार्पण किया इसके बाद जिले के अन्य नौ कुंडों का लोकार्पण किया। इस दौरान पर्यटन मंत्री ने पौधा रोपा। बदन सिंह पहलवान चेयरमैन नंदगांव ने पर्यटन मंत्री का स्वागत किया।
राहुल पटेल ने चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत किया। सीडीओ मनीष वर्मा, एडीएम प्रशासन अजय कुमार अवस्थी, एसडीएम राजेश कुमार, पर्यटन अधिकारी दिनेश कुमार, दानबिहारी सभासद आदि मौजूद रहे। इधर, रविवार दोपहर गोवर्धन पहुंचे पर्यटन मंत्री ने शंकराचार्य आश्रम पर पुरी के शंकराचार्य अद्योक्षजानंद देवतीर्थ से आशीर्वाद लिया। इसके बाद सप्तकोसीय परिक्रमा की।
इन कुंडों का किया लोकार्पण
कदंबटेर नंदगांव, ललिता कुंड नंदगांव, पनिहारी कुंड नंदगांव, ध्रुव कुंड महोली, श्याम तलाई वंशीवट, बछड़ा कुंड पानीगांव, सुदर्शन कुंड नीमगांव, गोप तलाई गोकुल, पूतना कुंड गोकुल, कमल कुंड गोकुल। लोगों के आग्रह पर मंत्री ने आसेश्वर महादेव के दर्शन किए और अगले चरण में इसका जीर्णोद्धार कराने का आश्वासन दिया।