बेसिक शिक्षा विभाग की दो दिवसीय जनपदीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ गुरुवार को हो गया। पहले दिन दौड़, लंबी कूद और ऊंची कूद में परिषदीय विद्यालयों के बच्चों ने अपना हुनर दिखाया।
खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ डायट प्राचार्य डॉ. मुकेश अग्रवाल और बीएसए अशोक कुमार सिंह ने मां सरस्वती के चित्रपट के सम्मुख दीप प्रज्वलन कर किया। इसके बाद मशाल जलाकर और ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता के उद्घाटन की औपचारिक घोषणा की गई।
अतिथियों का स्वागत सह संयोजक और डिप्टी बीएसए निशेष जार व एबीएसए एसपी सिंह ने बैज व कैप पहनाकर किया। डायट प्राचार्य डॉ. मुकेश अग्रवाल ने उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताओं से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। इन प्रतियोगिताओं का आयोजन समय-समय पर होते रहना चाहिए।
प्रतियोगिता में विभिन्न ब्लॉकों से आए प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभा प्रदर्शन किया। इसमें मथुरा स्पोर्ट्स स्कूल छात्र गोपाल ने 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान पाया। विजयी प्रतियोगिओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले ब्लॉक की घोषणा शुक्रवार को की जाएगी। इस दौरान एबीएसए जेपी सुमन, सर्वेश कुमार, संजय सिंह, गौतम प्रसाद, अखिलेश प्रताप, प्राशिसं के जिलाध्यक्ष रामकृष्ण रावत, अशोक लवानिया, जमुना देवी, सीमा, ज्ञानेश शर्मा, रोहताश सिंह, फत्ते सिंह, देवराज, गौरव यादव समेत अन्य उपस्थित थे।