मोबाइल की थी दुकान
थाना प्रभारी आनंद कुमार ने बताया है कि हाईवे थाना क्षेत्र के गांव उसपार निवासी अभिषेक (19) गोवर्धन चौराहे पर मोबाइल की दुकान करता था। पिता और अन्य लोगों से 15 लाख रुपये लेकर शेयर बाजार में लगाए थे, लेकिन शेयरों के रेट कम होने से रुपये डूब गए। इससे अभिषेक मानसिक तनाव में आ गया। मंगलवार दोपहर एक बजे तमंचा लेकर बाजना पुल स्थित रेलवे लाइन पर पहुंच गया।
पिता को व्हाट्सएप पर भेजा संदेश
इसके बाद अपने पिता हाकिम को व्हाट्सएप पर एक संदेश भेजा। इसमें लिखा कि पिताजी मुझे माफ कर देना...मैंने आपका काफी पैसा बर्बाद किया है। कई लोगों से रुपये लेकर शेयर बाजार में लगाए थे, जो डूब गए हैं। लोग अब पैसे मांग रहे हैं।सभी को पता है कि अब मैं किसी का पैसा वापस नहीं कर पाऊंगा। इसलिए ऐसा कदम उठा रहा हूं। संदेश के थोड़ी ही देर बाद तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
जांच कर रही पुलिस
थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में शेयर बाजार में रुपये डूबने के बाद युवक ने ऐसा कदम उठाया है। हालांकि आत्महत्या के स्पष्ट कारण की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।