मथुरा में यूपी बोर्ड के हाईस्कूल परीक्षा परिणाम में कृष्ण चंद्र गांधी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज माधव कुंज के छात्र योगेश ने जिला टॉप किया। 93 प्रतिशत अंकों के साथ यह खिताब उसे मिला। हाईस्कूल परीक्षा परिणाम में मथुरा का प्रदेश स्तर पर भी दबदबा रहा। इसमें आगरा और बस्ती के बाद मथुरा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। परीक्षा परिणाम भी इस बार 1.17 प्रतिशत बढ़कर 94.60 प्रतिशत रहा।
जिले में दूसरे स्थान पर 92.83 प्रतिशत अंकों के साथ भिक्की सिंह प्रधान इंटर कॉलेज कंजौली घाट की छात्रा हेमा रहीं। वहीं श्री आरसीएचएस स्कूल छौली के छात्र विवेक ने 92.67 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में तीसरा स्थान हासिल किया।
इस बार हाईस्कूल की परीक्षा में कुल 34893 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे, जिसमें से 32311 परीक्षा में शामिल हुए थे। शनिवार को घोषित हुए परिणाम में कुल 30567 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए, जबकि 1744 फेल हो गए। 2024 के परीक्षा परिणाम के मुकाबले इस बार हाईस्कूल के परीक्षार्थियों का प्रदर्शन बेहतर रहा।
2024 में हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम 93.43 प्रतिशत रहा था जो इस बार 1.17 प्रतिशत बढ़कर 94.60 प्रतिशत रहा। इतना ही हाईस्कूल के परिणाम में पूरे उत्तर प्रदेश में मथुरा का तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। बीते साल यह स्थान 11वां था। ऐसे में मथुरा ने टॉप थ्री में शामिल होकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
पिता आठवीं पास, बेटा बना जिला टॉपर
आठवीं पास श्रीनिवास के बेटे योगेश कुमार ने हाईस्कूल में जिला टॉप कर परिवार का मान बढ़ाया है। योगेश ने हाईस्कूल कृष्ण चंद्र गांधी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज माधव कुंज से की है। योगेश ने 600 में से 558 अंक प्राप्त कर 93 फीसदी अंक प्राप्त किए। योगेश ने बताया कि वह आगे केमिकल इंजीनियर बनना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि वह स्कूल से पढ़कर जाने के बाद घर में 5 घंटे पढ़ाई करते थे। उन्होंने सोचा नहीं था कि जिले में उनका पहला स्थान रहेगा। उनकी मेहनत आज रंग लाई है। योगेश ने बताया कि घर में खाना नहीं बनने पर बाबा से 10 रुपये स्कूल ले जाते। योगेश के पिता की हेयर सैलून की दुकान है। वह दुकान की आय से परिवार का भरण पोषण ही कर पाते हैं। श्रीनिवास ने बताया कि उनके दो बेटे हैं। इसमें योगेश सबसे बड़ा हैं, एक छोटा बेटा है। उनकी पत्नी गृहिणी है। परिणाम देखते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।
ये भी पढ़ें-
UP Board 10th Result: प्रदेश में आगरा के मेधावी नंबर-1, तोड़ा नौ साल का रिकार्ड; 94.99 प्रतिशत रहा रिजल्ट
मजदूर की बेटी आई जिले में दूसरे स्थान पर
हाईस्कूल में जिले में दूसरे स्थान पर आने वाली हेमा ने परिवार का नाम रोशन किया हैं। हेमा ने हाईस्कूल भिक्की सिंह प्रधान इंटर कॉलेज कंजौली घाट से की है। उन्होंने 600 में से 557 अंक प्राप्त किए। उनके 92.83 फीसदी अंक रहे। हेमा के पिता मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण कर रहे हैं। शुक्रवार को जब रिजल्ट आया उस वक्त पिता रमाकांत खेत में मजदूरी कर रहे थे। उन्हें जानकारी मिली कि उनकी बेटी जिला में दूसरे स्थान पर आई है तो उन्हें बहुत खुशी हुई। हेमा ने बताया कि वह आगे पढ़कर आईएएस बनना चाहती हैं। उधर, विद्यालय के प्रधानाचार्य खेमराज सिंह ने हेमा व परिवार को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दी हैं।
ये भी पढ़ें-
UP: सिंधु जल संधि को खत्म करके जनता को मूर्ख नहीं बना सकते...पहलगाम आतंकी हमले पर ये बोले शंकराचार्य
बलदेव के विवेक ने जिले में पाया तीसरा स्थान
हाईस्कूल की परीक्षा में विवेक ने जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। विवेक ने बताया कि वह आगे पढ़कर इंजीनियर बनना चाहते हैं। विवेक ने दसवीं श्री आरसी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छौली से की है। उन्होंने 600 में से 556 अंक प्राप्त किए हैं, उनके 92.67 फीसदी अंक रहे। विवेक ने बलदेव क्षेत्र का नाम रोशन किया। विवेक ने बताया कि वह प्रतिदिन 9 से 10 घंटे पढ़ाई करते थे, इसके साथ ही वह सोशल मीडिया से दूरी बनाए रहे। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता व विद्यालय स्टाफ को दिया है। इस दौरान प्रबंधक जगन्नाथ प्रसाद शर्मा, अजय शर्मा, अमित शर्मा, श्याम सुंदर, प्यारेलाल आदि ने विवेक का स्वागत और सम्मान किया।
आंकड़े
-34983 छात्र-छात्राएं थे हाईस्कूल में पंजीकृत
-32311 छात्र-छात्राएं परीक्षा में हुए शामिल
-30567 छात्र-छात्राएं हुए पास
-94.60 प्रतिशत रहा हाईस्कूल का परिणाम