मथुरा। निकाय चुनाव के लिए शनिवार को मंडी समिति परिसर में मतगणना पूरी होने के बाद किसी का चेहरा हंसता हुआ दिखाई दे रहा था तो कोई अपनी हार के दुख को छिपाने का तरीका खोजता दिखाई दिया। जीतने वाला प्रत्याशी मीडिया की ओर भाग रहा था वहीं, हारने वाला मीडिया से दूरी बनाते हुए नजर आया।
सुबह 10 बजे से रुझान आने शुरू हो गए। जैसे-जैसे परिणाम आने लगे वैसे-वैसे प्रत्याशी और उनके समर्थकों में उत्साह का संचार होने लगा। जिस प्रत्याशी के सिर जीत का सेहरा बंधा वह हंसता हुआ मतगणना पंडाल से बाहर आकर मीडिया से मुखातिब होता रहा। जबकि मतगणना से पूर्व ही जिन प्रत्याशियों को अपनी हार का एहसास हुआ वह पहले ही बाहर निकलते गए। कई प्रत्याशी ऐसे भी थे जो कि अंत तक परिणाम का इंतजार करते रहे और हार होने पर अपने आंसू नहीं रोक सके। जीते प्रत्याशियों को बधाई देने वालों का मीडिया सेंटर पर तांता लग गया। जो प्रत्याशी जीता वह अपनी जीत का श्रेय जनता को देता दिखाई दिया। कुछेक ऐसे ही प्रत्याशी थे जो कि हार के बाद भी मीडिया के सामने आए और अपनी हार को स्वीकारा तथा जो कमियां रह गई उन्हें सुधारकर जनता की सेवा का संकल्प लिया।
मंडी समिति के आसपास की दुकानें रहीं बंद
मथुरा। मंडी समिति में में मतगणना से पूर्व ही पुलिस ने आसपास की दुकानों को बंद करा दिया और हाइवे पर बैरियर लगाकर रूट डायवर्ट कर दिया। दुकानें बंद होने के कारण लोगों को खाने-पीने की वस्तुओं के लिए दिक्कत का सामना करना पड़ा। वहीं पुलिस ने मंडी समिति के गेट पर किसी भी तरह के वाहन को खड़ा नहीं होने दिया न ही किसी को गेट के 100 मीटर की दूरी पर खड़े होने की अनुमति प्रदान की। हाइवे से मंडी समिति की ओर जाने वाले मार्ग पर पुलिस ने बैरियर लगाकर अनुमित के बाद ही लोगों को प्रवेश करने दिया। इसके बाद मंडी समिति के मुख्य द्वार पर पुन: अनुमति पत्र दिखाने के बाद प्रवेश मिला। पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग से मंडी समिति आने वाले सर्विस मार्ग को पूरी तरह से बंद कर दिया। मंडी समिति फ्लाई ओवर के नीचे भी पुलिसकर्मियों ने बैरियर लगाकर लोगों को रोकने की पूरी व्यवस्था कर रखी थी। मंडी समिति के आसपास एक किलोमीटर की दूरी तक खाने पानी की दुकानें पूरी तरह से बंद रही। पुलिस द्वारा निर्धारित स्थान पर प्रत्याशियों के समर्थक खड़े होकर उनका इंतजार करते रहे और जैसे ही जीत की खुशखबरी लेकर बाहर आए तो फूलमालाओं से लादकर उनका स्वागत किया। हालांकि पुलिस ने इस जश्न को ज्यादा देर नहीं चलने दिया और प्रत्याशी और उनके समर्थकों को चलता कर दिया।