कोसीकलां। सीबीएसई 10वीं की परीक्षा में शनिवार को सामाजिक विज्ञान और 12वीं का योगा का पेपर हुआ। परीक्षा केंद्रों से बाहर निकले छात्रों के चेहरों पर कई तरह के भाव दिखे। किसी के चेहरे पर मुस्कान थी, तो कोई थोड़ी उलझन में दिखा। हालांकि ज्यादातर परीक्षार्थी खुश थे। उनका कहना था कि पेपर आसान था और जैसा उन्होंने पढ़ा था वैसा ही आया।
कई तो बस इस बात से राहत महसूस कर रहे थे कि आज आखिरी पेपर था। अब छुट्टियां शुरू हो जाएंगी। कई बच्चों को पेपर के कुछ सवाल मुश्किल लगे। उनका कहना था कि कुछ सवाल ऐसे थे, जिन्होंने सोचने पर मजबूर किया। पेपर मन मुताबिक नहीं हो पाया। फिर भी ज्यादातर बच्चों को भरोसा है कि अच्छे नंबर आएंगे और वे अच्छे अंकों के साथ पास होंगे।
सिटी कोआर्डिनेटर शैलेंद्र सिंह ने बताया कि 10वीं के पेपर शनिवार को समाप्त हो गए हैं। 10वीं में 13036 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 12935 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। इसके साथ ही 101 ने परीक्षा छोड़ दी। 12वीं की योगा परीक्षा में 419 में से 418 ने परीक्षा दी। एक छात्र अनुपस्थित रहा।
दसवीं की परीक्षा के लिए नगर में एमडी जैन पब्लिक स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर और विद्या देवी जिंदल स्कूल परीक्षा केंद्र पर 1340 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। एमडी जैन में केंद्र व्यवस्थापक डा. नरेंद्र शर्मा समेत पर्यवेक्षक पूजा कुमार की तैनाती के अलावा सीसीटीवी से भी निगरानी की गई।