चौमुहां। कस्बा स्थित श्री बालाजी महाराज मंदिर में आयोजित श्रीमदभावत कथा के दूसरे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्यासपीठ से पूर्नेश्वरी देवी ने भक्तों को धर्म, भक्ति और सेवा का महत्व बताते हुए कहा कि मानव जीवन तभी सार्थक होता है, जब वह ईश्वर की भक्ति के साथ समाज और जरूरतमंदों की सेवा के लिए भी समर्पित रहे।
उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा पाने के लिए केवल पूजा-पाठ ही नहीं, बल्कि सदाचार, सत्य और परोपकार का मार्ग अपनाना भी आवश्यक है। उन्होंने अपने प्रवचन में कहा कि वर्तमान समय में मनुष्य सांसारिक मोह-माया में उलझकर मानसिक अशांति का सामना कर रहा है, जबकि भगवान के नाम का स्मरण और सत्संग जीवन में सुख, शांति और आत्मिक आनंद प्रदान करता है। प्रवचन के दौरान भजन-कीर्तन से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
श्रद्धालु भगवान बालाजी के जयकारे लगाते हुए भक्ति रस में सराबोर नजर आए। आयोजकों ने बताया कि धार्मिक कार्यक्रम आगामी दिनों तक जारी रहेगा। प्रतिदिन प्रातः एवं सायंकाल विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ प्रवचन और भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। अमरजीत महाराज, शंकर बाबा, रमेश पंडित, कलुआ बाबा, मुरारी पांडेय, मास्टर रौतान सिंह, बिज्जो कपरिया, गंगाराम, नक्टो, पदम सिंह आदि उपस्थित रहे।