मथुरा। दिवाली के नजदीक आते ही विद्युत निगम अपनी लचर व्यवस्थाओं को सुधारने में जुटा है, ताकि सीएम योगी के दिवाली पर निर्बाध आपूर्ति के निर्देशों का पालन किया जा सके। इसी क्रम में रविवार की सुबह कई फीडरों पर शटडाउन लेकर मरम्मत कार्य कराए गए।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिवाली त्योहार पर उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति करने के निर्देश दिए हैं। इसे ध्यान में रखते हुए विद्युत निगम ने अपनी कवायद शुरू कर दी है। रविवार को विद्युत निगम ने फरह, साइट बी, औरंगाबाद ग्रामीण, जिला अस्पताल, जय गुरूदेव, जल निगम, जिला न्यायालय आदि फीडरों पर शटडाउन लेकर मरम्मत कार्य कराए। इसमें ट्रांसफार्मर में लगे जंफर टाइट किए, बस को सही किया गया, डैमेज इंसुलेटर बदले गए, आईसोलेटर और ब्रेकरों की मरम्मत की गई।
खराब उपकरणों को भी बदला गया। इस दौरान उक्त फीडरों पर सुबह 8 से 11 बजे तक शटडाउन लिया गया था। हालांकि इनमें से जय गुरूदेव, जिला न्यायालय, जिला अस्पताल आदि फीडरों पर अन्य सब स्टेशन से विद्युत आपूर्ति दी गई। जिससे इन फीडरों से जुड़े क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को अधिक दिक्कतें नहीं हुईं।
132 केवी उपकेंद्र कोसीकलां पर आज होगा काम
132 केवी उपकेंद्र कोसीकलां ट्रांसमिशन पर 33 केवी मेन बस का अनुरक्षण कार्य कराने की वजह से इस उपकेंद्र से पोषित 33 केवी पोषक गिन्नी फिलामेंट, जिंदल, वैक्मेट, छाता तहसील, छाता, शेरगढ़, कोसी ग्रामीण व बरसाना की बिजली सुबह 8 बजे से 11 बजे तक बंद रहेगी।