मधुकर को सम्मानित करतीं सांसद हेमामालिनी व अन्य।
मथुरा। बृजरज उत्सव में बृहस्पतिवार को भक्ति और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुप्रसिद्ध भजन गायक जेएसआर मधुकर ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। जैसे ही मंच से जय राधा माधव जय कुंज बिहारी.., मनमोहना बड़े झूठे... और श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी...जैसे भजन गूंजे तो पूरा पंडाल भक्तिरस में सराबोर हो उठा। इसके बाद भजन गायक ने एक के बाद बेजोड़ प्रस्तुतियां देकर उत्सव में समा बांध दिया।
भजन गायक मधुकर की आवाज में भक्ति का माधुर्य और ब्रज की माटी की सुगंध समाहित थी। उनके सुरों पर श्रोता झूमते रहे। कई श्रद्धालु तो भक्ति में मग्न होकर नृत्य करने लगे। जब उन्होंने हरे कृष्णा हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्णा हरे हरे.. जैसे भजनों की प्रस्तुतियां दीं तो वातावरण राधे-राधे के जयघोष से गूंज उठा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद हेमा मालिनी ने बृज रसिक भजन गायक जेएसआर मधुकर को सम्मानित किया। इस अवसर पर अनूप शर्मा एवं ब्रज विकास परिषद के सीईओ भी उपस्थित रहे। बृजरज उत्सव की सांस्कृतिक संध्या में भक्ति, संगीत और परंपरा के संगम ने श्रोताओं के हृदय में भक्ति का भाव भर दिया।