मथुरा। सोमवार को अदालत में ईदगाह के अमीन सर्वे रिपोर्ट की प्रक्रिया आगे बढे़गी। भगवान बाल कृष्ण बनाम इंतजामिया कमेटी के केस में सिविल जज सीनियर डिवीजन ने ईदगाह की अमीन रिपोर्ट का आदेश दिया है। अदालत में अमीन को २० जनवरी को ईदगाह की रिपोर्ट पेश करनी होगी। इसका विरोध कर रहा ईदगाह पक्ष पशोपेश में है। वह सोमवार को अदालत में आदेश को रीकॉल (दोबारा सुनवाई ) करने के लिए प्रार्थना पत्र दे सकता है।
न्यायालय में श्री कृष्ण जन्मस्थान ईदगाह को लेकर कुल ११ केस चल रहे हैं। जिनमें से ८ दिसंबर को हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने सिविल जज सीनियर डिवीजन तृतीय सोनिका वर्मा की अदालत में वाद दर्ज कराया। अदालत ने ईदगाह के अमीन रिपोर्ट का आदेश दिया है। आदेश के बाद ईदगाह पक्ष की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। आदेश को रीकॉल करने की बात की जा रही है। सोमवार को अदालत खुलने पर मुस्लिम पक्ष आदेश को रीकॉल करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर सकता है।
उधर, वादी विष्णु गुप्ता के अधिवक्ता शैलेष दुबे ने बताया कि सोमवार को अदालत खुलने पर अमीन रिपोर्ट प्रक्रिया पर स्वत: ही काम होना प्रारंभ हो जाएगा। अमीन न्यायालय के आदेश पर यह रिपोर्ट २० जनवरी को अदालत में देनी होगी। १३.३७ एकड़ जमीन पर दावा करने वाले लखनऊ निवासी पक्षकार मनीष यादव ने बताया कि उनके केस में सुनवाई ४ जनवरी को होनी है परंतु यदि दो जनवरी को न्यायालय में काम चलेगा तो वह एक प्रार्थना पत्र सिविल जज सीनियर डिवीजन तृतीय की अदालत में देंगे।
पक्षकार एडवोकेट महेन्द्र प्रताप सिंह एवं राजेन्द्र माहेश्वरी ने बताया कि वह सिविल जज सीनियर डिवीजन तृतीय की अदालत में प्रार्थना देंगे। जिसमें वह अमीन रिपोर्ट मेें अपने केस को भी शामिल करने की बात कहेंगे, साथ ही सिविल जज सीनियर डिवीजन की अदालत में में भी वह ईदगाह के पुरातात्विक सर्वे कराने की मांग करेंगे। अखिल भारत हिंदू महासभा के कोषाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने बताया कि वह सिविल जज सीनियर डिवीजन तृतीय की अदालत में अमीन रिपोर्ट के आदेश में अपने केस को भी शामिल करने के लिए प्रार्थना पत्र देंगे।
शिशिर चतुर्वेदी के वाद में आज सुनवाई
शिशिर चतुर्वेदी द्वारा सिविल जज सीनियर डिवीजन द्वितीय की अदालत में दर्ज किए गए वाद को सिविल जज सीनियर डिवीजन की अदालत में स्थानातंरण कराने के लिए जिला जज राजीव भारती की अदालत में सुनवाई सोमवार को होगी। उनके अधिवक्ता गोपाल खंडेलवाल ने बताया कि जिला जज की अदालत में मुस्लिम पक्ष के अधिवक्ता अपनी बात रखेंगे।
आज रहेगा शोकावकाश
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद शर्मा के अनसार ३० दिसंबर को बार के पूर्व अध्यक्ष रविकांत शर्मा की अचानक मृत्यु होने के कारण सोमवार २ जनवरी को शोकावकाश रहेगा। बार द्वारा उनको श्रद्धांजलि भी दी जाएगी।
भूमि का प्रस्ताव सिर्फ बाहरी समझौते पर : दिनेश
अखिल भारत हिंदू महासभा के कोषाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने ईदगाह के अध्यक्ष द्वारा केस संबंधी बयान पर एक दफा फिर से प्रतिक्रिया दी है और कहा है कि मेवात में दस एकड़ जमीन देने का प्रस्ताव केवल अदालत के बाहर किए गए समझौते पर है।