फिल्म टॉयलेट एक प्रेम कथा की शूटिंग शुक्रवार को नंदगांव से दूर वृंदाकुंड के निकट की गई। इस दौरान अक्षय के तमाम प्रशंसक शूटिंग देखने पहुंचे।
शुक्रवार को शूटिंग में लंच तक दो सीन फिल्माए गए। एक सीन में नायक-नायिका पेड़ के एक सूखे लक्कड़ पर बैठे नजर आए। दूसरे सीन में उनके बीच वार्तालाप को शूट किया गया। रोमेंस का सीन और पगडंडियों के बीच गाने की शूटिंग भी हुई। इसमें अक्षय अपनी प्रेमिका को मनाते नजर आए। बता दें कि फिल्म के माध्यम से देहात और कस्बों में शौचालयों के प्रयोग पर जोर दिया जा रहा है।
फिल्म में भूमिका निभा रहे दुर्ग ठाकुर उर्फ दुर्गी भैया ने बताया महिलाओं को खुले में शौच से होने वाली परेशानियों और अपराधों से लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। बरसात आदि के मौसम में महिलाओं को किस तरह से दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। गांव देहात में महिलाओं के साथ शौच के दौरान ही तमाम वारदातों को अंजाम दिया जाता है।
दुर्गी ठाकुर फिल्म टॉयलेट एक प्रेम कथा में अभिनय कर रहे हैं। इससे पहले फिल्म तेवर में भी उनकी भूमिका को दर्शकों ने खूब सराहा था। मथुरा के ग्रामीण अंचल से संबंध रखने वाले दुर्ग ठाकुर उर्फ दुर्गी भैया सावधान इंडिया के 52 एपीसोड में भी अपनी एक्टिंग का जलवा बिखेर चुके हैं। कई सीरियल में भी उन्होंने सराहनीय काम किया है।
लोगों का मिल रहा समर्थन
फिल्म के कथानक को लेकर उपजे विरोध के बाद फिलहाल शूटिंग को लेकर कोई गतिरोध नहीं हैं। नंदगांव-बरसाना के बीच फिल्म में वैवाहिक संबंधों को दर्शाने पर क्षेत्र के लोगों को ऐतराज था। निर्माता-निर्देशक के इस तरह के किसी भी सीन को न फिल्माने के स्पष्टीकरण के बाद विरोध बंद हो गया। शूटिंग टीम से जुडे़ डॉ. दीनदयाल शर्मा ने बताया कि स्पष्टीकरण के बाद विरोध बंद हो गया है। शूटिंग में स्थानीय लोगों का भरपूर समर्थन और प्यार मिल रहा है।
शूटिंग रोकने के लिए सौंपा ज्ञापन
फिल्म टॉयलेट एक प्रेम कथा की शूटिंग रोकने के लिए शुक्रवार को शहीद क्रांति दल ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। दल के संस्थापक पद्म फौजी ने बताया कि नंदगांव के लड़के और बरसाना की लड़की के बीच विवाह सनातन धर्म की परंपराओं और मर्यादाओं के विपरीत है। फिल्म का शीर्षक भी ब्रज संस्कृति के अनुरूप नहीं है। इसलिए फिल्म की शूटिंग रोकी जानी चाहिए। इस दौरान रासबिहारी गोस्वामी, संजय गोस्वामी, मुकेश गोस्वामी, श्यामलाल गोस्वामी आदि मौजूद रहे।