मथुरा। शुक्रवार की देर रात को वांछितों की गिरफ्तारी के लिए अड़ूकी गांव पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने घेर लिया। सिपाहियों द्वारा एक घर में दबिश देने पर लोगों ने बदमाश होने का शोर मचा दिया। शोर-शराबा सुनकर भीड़ इकट्ठा हो गई और पुलिस वालों से धक्का मुक्की कर दी। भीड़ देख पुलिस वालों को खाली हाथ लौटना पड़ा। शनिवार की सुबह कई थानों की फोर्स गांव पहुंच गई। इस मामले में 25 ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।
शुक्रवार को जिले भर में वांछितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया गया था। हाईवे पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के आरोपी रुपकिशोर निवासी अडूकी और जानलेवा हमले के आरोपी लाल सिंह निवासी बिर्जापुर को पकड़ने के लिए पुलिस गांव अडूकी पहुंची थी। पुलिस वालों ने गांव में एक किनारे को जीप खड़ी कर दी और पैदल-पैदल ही गांव में पहुंच गए।
इसी दौरान किसी ने गांव में बदमाश आने का शोर मचा दिया। कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। पुलिस वालों को घेर लिया गया। इतना ही नहीं धक्का मुक्की तक की गई। काफी देर तक हंगामा रहा। हालात ऐसे बन गए कि पुलिस को गांव से वापस आना पड़ा। इस मामले में गांव के 25 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।
प्रभारी निरीक्षक सदुवनराम गौतम ने रुपकिशोर समेत 25 ग्रामीणों को नामजद किया गया है। सीओ रिफाइनरी आलोक दुबे ने बताया कि 10 लोगों को पूछताछ के लिए उठाया गया है। पुलिस आरोपियों को जल्द पकड़ेगी।