मथुरा। बरसाना में राधारानी के दर्शन के लिए देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर मार्ग पर शेड लगाया जाएगा। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण यह कार्य जल्द शुरु कराएगा। इस कार्य पर करीब 4 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
ब्रज को पर्यटन का हब बनाने की दिशा में मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण नित नई योजनाएं ला रहा है। ब्रज के सभी धार्मिक स्थलों को सजाने और संवारने का कार्य व श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत उन्हें विकसित करने के कार्य भी किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बरसाना में गत माह रोप -वे का शुभारंभ के बाद अब जयपुर मंदिर से राधारानी मंदिर जाने वाले मार्ग पर शेड लगाने का कार्य किया जाएगा। लगभग 370 मीटर लंबाई में तीन मीटर चौड़ी शेड बनाई जाएगी। इस कार्य में लगभग चार करोड़ से अधिक लागत आने का अनुमान है।
एमवीडीए द्वारा शेड लगाए जाने से जयपुर मंदिर से लेकर राधारानी मंदिर तक पहुंचने में श्रद्धालुओं को धूप और बारिशे से बचाव होगा और किसी तरह की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
एमवीडीए के सचिव अरविंद कुमार द्विवेदी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत बरसाना में राधारानी मंदिर तक जाने वाले मार्ग पर शेड बनाए जाने का कार्य दो-तीन दिन में शुरु होने जा रहा है। यह कार्य छह माह में पूरा हो जाएगा।