मथुरा। हाथरस में ट्रेन से कटकर जान देने वाले ओमप्रकाश के शव को लेकर परिवार वाले यमुनापार थाने पर पहुंचे और शव को रखकर हंगामा किया। परिवार वालों का कहना था कि मामला प्रेम प्रसंग का था लेकिन किशोरी के परिवार वाले झूठी रिपोर्ट दर्ज करा रहे थे। इसी के चलते युवक ने आत्महत्या की है। हंगामा बढ़ने पर पहुंचे अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया।
यमुनापार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी ओमप्रकाश ने प्रेम प्रसंग में बाधक बनने और पुलिस कार्रवाई से परेशान होकर बुधवार को हाथरस में ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले ओमप्रकाश ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी डाली थी जिसमें उसने कहा था कि वह एक लड़की से प्यार करता था और उसके परिवार वाले उसे झूठे केस में फंसा रहे हैं। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।
गुरुवार की तड़के परिवारीजन हाथरस से शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद गांव लाए और सुबह आठ बजे यमुना किनारे अंतिम संस्कार को ले जाने लगे। रास्ते में यमुनापार थाना आने पर परिवारीजन शव को लेकर थाने पहुंच गए और किशोरी के परिवारीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को कहने लगे। यमुनापार पुलिस ने पहले अंतिम संस्कार कर लौटने के दौरान रिपोर्ट दर्ज कराने का आश्वासन देकर शांत कराए। एसओ यमुनापार राजीत वर्मा ने बताया कि अगर तहरीर आती है मुकदमा दर्ज करेंगे।