देहात में सोमवार को लगी आग से किसानों की कई एकड़ गेहूं की फसल जल गई। कोसीकलां के गांव हरीपुरा में सोमवार की दोपहर में गांव के बृजभूषण के खेत में शार्ट सर्किट होने से आग लग गई। इससे खेत में खड़ी एक एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख गई। वहीं गांव के राजेंद्र पटेल के खेत में पडे़ तीन एकड़ खेत के भूसा में विद्युत स्पार्किंग से आग लग गई। गांव कादौना, खरौट में भी आग से फसल जलने की खबर है।
चौमुंहा में थमू मोहल्ला निवासी ओमप्रकाश पुत्र बिरजो और रामवती की एक एकड़ गेहूं की फसल में सोमवार को दोपहर तीन बजे आग लग गई। खेतों में काम कर रहे आसपास के किसानों ने आग बुझाई। फसल जल चुकी थी। लोगों के प्रयास से आग आसपास के खेतों में नहीं फैल पाई।
फायर ब्रिगेड के लिए लोग फोन मिलाते रहे लेकिन फोन नहीं लगा। वहीं जुझार मोहल्ला निवासी शिवराम पुत्र मगनी की डेढ़ बीघा गेहूं की फसल जल गई। गांव जैंत में कालीचरन के मकान में आग लग गई। इससे हजारों रुपये का सामान जल गया।
नौहझील थाने के गांव चिंडोली में सत्यवीर शर्मा के नौहरे में रखे बुर्जी और बिटोरे में आग लग गई। हजारों रुपये का भूसा और ईंधन जल गया। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। भीमसेन, रामवीर, बीधा, हरीओम शर्मा के बुर्झी-बिटौरा जल गए। तीन घंटे बाद भी दमकल नहीं पहुंची।
छाता-गोवर्धन रोड पर कस्बा के मोहल्ला सूरदास निवासी अरविंद, गोविंद शर्मा और गिर्राज की तीन एकड़ गेहूं की फसल आग लगने से जल गई। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
गोवर्धन थाना के दो गांवों में खेत में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। गांव जचौदा में आग की घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मथुरा रोड पर जाम लगा दिया।
गांव पलसों में सोमवार सुबह लगी आग से 12 किसानों की 35 बीघा फसल जल गई। पुरुषोत्तम के आठ बीघा, ओम प्रकाश, भूदेव व मुरारी के आठ बीघा, फतेहराम के आठ बीघा व उदयराम, रामकिशन, नटवर व रमन की 16 बीघा फसल जल गई। जचौंदा में वीरी सिंह के एक बीघा खेत में आग लग गई।
आग का कारण विद्युत लाइन में शार्ट सर्किट बताया गया है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मथुरा रोड पर जचौंदा चौराहे पर जाम लगा दिया। एक घंटे तक ग्रामीण मुआवजे की मांग करते रहे। सूचना पर पहुंचे एसएसआई विनोद कुमार तोमर ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया।
आग लगाने वाले युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
थाना नौहझील के गांव तिलकागढ़ी में शनिवार को छिद्दा सिंह के गेहूं के खेत में आग लग गई थी। छिद्दा सिंह ने रायपुर निवासी देवो और अन्य दो लोगों द्वारा खेत में आग लगाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मुआवजे की मांग
गांव भरतिया में बीते दिनों हुए अगिभनकांड में निर्मल सिंह पुत्र श्यामवीर सिंह की आठ बीघा गेहूं की फसल खाक होने से उसका लाखों का नुकसान हो गया। ग्राम अरतौनी में तेज सिंह पुत्र नबाब सिंह के खेताें में एचटी तार टूटने से लगी आग से उसका दो बीघा खेतों में खड़ी फसल जलकर खाक हो गई। भाकियू के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष राजकुमार तोमर ने शासन व प्रशासन से आर्थिक नुकसान के भरपाई की मांग की है।