मथुरा। सीबीएसई का 10वीं का परीक्षा परिणाम घोषित होते ही छात्र-छात्राओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कई स्कूलों में छात्र-छात्राएं एकत्र हुए और सहपाठियों के साथ मिलकर पास होने की खुशी मनाई। टॉप थ्री में विभिन्न स्कूलों के सात मेधावियों ने परचम लहराया है। प्रथम स्थान पर छात्रा ने बाजी मारी है, जबकि द्वितीय और तृतीय स्थान पर छात्र रहे हैं।
सीबीएसई के सिटी कोऑर्डिनेटर शैलेंद्र सिंह ग्रेवाल ने बताया कि वृंदावन स्थित हनुमान प्रसाद धानुका विद्यालय की छात्रा सोनिया सिंह ने 99.6 प्रतिशत अंकों के साथ जिला टॉप किया है। वहीं दिल्ली पब्लिक स्कूल रिफाइनरी नगर के छात्र आरुष ने 99.4 प्रतिशत और श्रीजी बाबा सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र सार्थक अग्रवाल ने 99.4 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में दूसरा स्थान हासिल किया है। श्रीजी बाबा सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र तनिष्क चौधरी, अंकुर चौधरी, कृषांग अग्रवाल और कान्हा माखन पब्लिक स्कूल के छात्र कृष्ण सोनी ने 99.2 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में तीसरा स्थान हासिल किया। इसके साथ ही श्रीजी बाबा सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र कुशाग्र गुप्ता ने 99 फीसदी के साथ चौथा स्थान प्राप्त किया है।
10वीं के परीक्षा परिणाम ने एक बार फिर बेटियों की मेधा का परचम लहराया। दोपहर बाद जैसे ही परिणाम जारी हुआ तो छात्र-छात्राएं अपना प्रदर्शन जानने के लिए बेताब नजर आए। कुछ छात्र-छात्राओं ने जहां घर पर बैठकर ही ऑनलाइन परीक्षा परिणाम चेक किया तो वहीं स्कूलों में भी छात्र-छाद्धाएं पहुंचे। स्कूलों में भी पहले से ही परीक्षा परिणाम को लेकर तैयारी की गई थी। कहीं मेधावियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी गई तो कहीं तिलक लगाकर उनका स्वागत किया गया।