वृंदावन। सेवाकुंज मंदिर की सेवा-पूजा के अधिकार को लेकर दो पुजारी भाइयों में विवाद हो गया। इसके कारण सोमवार शाम को डेढ़ घंटे ठाकुरजी की सेवा बाधित रही मंदिर का ताला तोड़कर ठाकुरजी की सेवा-पूजा की गई। एक पुजारी ने स्वयं को मंदिर प्रबंधक बताते हुए अपने भाई और भतीजे के विरुद्ध कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध शांतिभंग में कार्रवाई की है।
सेवाकुंज मंदिर के पुजारी सूर्य मोहन शर्मा और उनके बड़े भाई चंद्रमोहन शर्मा के बीच सुबह विवाद बढ़ने पर पहुंची पुलिस दोनों को कोतवाली ले आई। सूर्यमोहन ने स्वयं को मंदिर का प्रबंधक बताते हुए कोतवाली में बड़े भाई चंद्रमोहन शर्मा और भतीजे सार्थक शर्मा पर लाठी-डंडों से पीटने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने सूर्यमोहन शर्मा एवं चंद्रमोहन शर्मा के विरुद्ध शांतिभंग में कार्रवाई की है। मंगलवार शाम को कोतवाली प्रभारी मंदिर पहुंचे। उन्होंने दोनों पुजारियों को झगड़ा न करने की हिदायत दी।
सूर्य मोहन शर्मा के अनुसार सेवा कुंज मंदिर खुलने का समय शाम साढ़े चार बजे से आठ बजे तक है। विवाद के कारण शाम छह बजे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश होने के बाद मंदिर आने पर ही ताला तोड़ कर उसे खोला गया। इसके बाद ठाकुरजी की सेवा पूजा की। दूसरी ओ चंद्रमोहन शर्मा उर्फ पिंटू पुजारी ने बताया कि अनुराग गोस्वामी, प्रखर गोस्वामी एवं वेभव गोस्वामी की सेवा में वह मंदिर की सेवा पूजा के लिए अधिकृत हैं। उनके पास नियुक्ति पत्र है। इसलिए मंदिर की सेवा पूजा पर उनका अधिकार है।