नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट की ट्रॉफी के साथ विजेता सेलखेड़ा टीम व अतिथिगण।
बलदेव। गांव सेलखेड़ा में रुस्तम-ए-हिंद फूली पहलवान स्मृति नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला सेलखेड़ा और सौरई टीम के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सेलखेड़ा ने सौरई को 15 रनों से हराकर टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी सेलखेड़ा टीम ने निर्धारित 8 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 81 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी सौरई की टीम सेलखेड़ा के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। 7.3 ओवर में 66 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। सेलखेड़ा ने 15 रनों से शानदार जीत दर्ज करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। मैच में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि बंसी भाई ने विजेता टीम सेलखेड़ा को ट्रॉफी के साथ 31 हजार रुपये नगद धनराशि प्रदान की। वहीं उपविजेता सौरई टीम को ट्रॉफी और 21 हजार रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने कहा खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। टूर्नामेंट में सुरेश मास्टर और देवेंद्र मास्टर ने अंपायर की जिम्मेदारी निभाई। नीरज शर्मा और प्रमोद मास्टर ने कमेंट्री की। इस दौरान पूरन दरोगा, डॉ. जगदीश, देवेंद्र मास्टर, धांधू पहलवान, अतुल परिहार, नरेश परिहार, विपिन परिहार आदि थे।