बाजना (मथुरा)। खनन विभाग की ओर से जब्त कर सीज किए बालू को चोरी से माफिया ले जा रहे थे। सूचना खनन विभाग की टीम बरौठ चौकी पुलिस पहुंची तो चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भाग गया। जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
थाना नौहझील क्षेत्र में अवैध बालू खनन जोरों पर है। गांव बरौठ समेत 20 स्थानों पर अवैध बालू खनन भंडारण को सीज किया गया था। बावजूद इसके खनन माफिया गांव बरौठ स्थित सीज बालू को ट्रैक्टर-ट्राॅली से लादकर ले जा रहे थे। सूचना पर चौकी प्रभारी बरौठ मय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
सीज बालू में से एक ट्रैक्टर-ट्राॅली में चोरी से बालू भरकर चालक सुहागपुर की तरफ जा रहा था। पुलिस को देखकर चालक ट्रैक्टर-ट्राॅली को छोड़कर बरौठ गांव की ओर खेतों में खड़ी फसल का फायदा उठाते हुए भाग निकला। खनन विभाग के अधिकारियों ने अवैध बालू से भरी ट्रैक्टर ट्राली को पुलिस के सुपुर्द कर मुकदमा दर्ज कराया।